बागपत। रमाला थाना क्षेत्र के किशनपुर बस स्टैंड के निकट देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों के भीतर मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।पुलिस के मुताबिक कासिमपुर खेड़ी निवासी विनय उर्फ गीदड़ (24) रात अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद था। इसी दौरान किशनपुर निवासी वीशू उर्फ ऋतिक वहां पहुंचा और कथित रूप से विनय पर नजदीक से गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल विनय को पहले बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गईं। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार और क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ने बताया कि मृतक की मां सुषमा की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, वर्ष 2021 के विवाद, क्षेत्रीय वर्चस्व और अन्य व्यक्तिगत कारण सामने आए हैं। इन सभी बिंदुओं की गहनता से जांच की जा रही है।पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय मृतक के साथ कौन-कौन लोग मौजूद थे तथा आरोपी को उसकी मौजूदगी की सूचना किसने दी। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।