मुजफ्फरनगर। थाना खालापार पुलिस ने दक्षिणी खालापार में हुई आभूषण चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी रिश्तेदार के घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। उसके कब्जे से करीब दो किलोग्राम चांदी के आभूषण, लगभग 15 ग्राम सोने के आभूषण तथा एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार दक्षिणी खालापार निवासी जीनत अमान ने 28 जून 2026 को थाना खालापार में घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक असगर अली को सौंपी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र की सहायता ली। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सूजडू रोड स्थित हड्डी गोदाम के पास से शाहनवाज पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी चमारान खादरवाला, थाना खालापार को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पीड़िता उसकी रिश्ते में खाला लगती हैं और उसका उनके घर आना-जाना था। इसी कारण उसे घर में रखे आभूषणों की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि मोहर्रम के दौरान परिवार के घर से बाहर जाने पर उसने मौका देखकर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी का सामान बेचने की तैयारी के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।खालापार थाना प्रभारी बबलू वर्मा ने बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी गए अधिकांश आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक असगर अली, हेड कांस्टेबल यश कुमार तथा कांस्टेबल राहुल कुमार, मोनपाल सिंह और छोटेलाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group