गांधीनगर। गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार दोपहर कुछ ही मिनटों के भीतर भूकंप के लगातार तीन झटके महसूस किए गए। इनमें सबसे अधिक तीव्रता 3.6 रिक्टर पैमाने पर दर्ज की गई। झटकों के बाद लोग एहतियातन घरों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए। हालांकि प्रशासन और भूकंप विज्ञान संस्थान के अनुसार किसी भी स्थान से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।भूकंप विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईएसआर), गांधीनगर के मुताबिक पहला झटका दोपहर 2:20 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र कच्छ के खावड़ा क्षेत्र से लगभग 32 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पूर्व में था। इस भूकंप की तीव्रता 3.6 और गहराई 22.6 किलोमीटर रिकॉर्ड की गई।इसके करीब तीन मिनट बाद दोपहर 2:23 बजे दूसरा झटका महसूस किया गया। इसकी तीव्रता 3.2 मापी गई तथा केंद्र धोलावीरा से लगभग 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में स्थित था। इस भूकंप की गहराई 12.9 किलोमीटर रही। इसके बाद इसी क्षेत्र में एक और हल्का भूकंपीय कंपन भी दर्ज किया गया।लगातार आए झटकों से लोगों में कुछ समय के लिए सतर्कता का माहौल रहा। कई स्थानों पर लोग सुरक्षा की दृष्टि से खुले स्थानों की ओर निकल आए। राहत की बात यह रही कि किसी भवन के क्षतिग्रस्त होने या किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली।गुजरात में पिछले कुछ महीनों के दौरान भी कई बार हल्के भूकंप दर्ज किए गए हैं। 22 अप्रैल को आणंद जिले में 3.4 तीव्रता का भूकंप आया था, जबकि 21 अप्रैल को राजकोट जिले में 3.2 तीव्रता का झटका महसूस किया गया था। इसके अलावा मार्च के अंतिम सप्ताह में अमरेली जिले के सावरकुंडला और मितियाला क्षेत्र में भी कई बार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई थीं।भूकंप विशेषज्ञों के अनुसार गुजरात का कच्छ क्षेत्र देश के सबसे अधिक भूकंप संवेदनशील इलाकों में शामिल है। यहां सक्रिय भूगर्भीय भ्रंश रेखाएं होने के कारण समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। विशेषज्ञों ने ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भूकंप के दौरान सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group