मेरठ। सोशल मीडिया पर कार में बैठकर हथियारों का प्रदर्शन करते हुए रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मेरठ पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया है, जबकि वीडियो में इस्तेमाल की गई कार को भी सीज कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ, जिसमें एक कार के भीतर पांच युवक चाकू, पिस्टल और तलवार जैसी वस्तुओं का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे थे। कार के अंदर पुलिस की टोपी भी रखी हुई नजर आ रही थी। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।जांच के दौरान लालकुर्ती थाना पुलिस ने वीडियो में दिख रहे मुख्य युवक की पहचान रिदिम अधिकारी पुत्र बसंत सिंह अधिकारी, निवासी पुलिस लाइन, मेरठ के रूप में की। पुलिस ने देर रात उसके आवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। जिस कार में बैठकर वीडियो बनाया गया था, उसे भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया।पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था को प्रभावित करने या भय का माहौल बनाने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।