मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक विवाहिता पर दहेज उत्पीड़न और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल विवाहिता का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार हरिद्वार जनपद के थाना मंगलौर क्षेत्र के गांव नारसन कला निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी पुत्री रितू का विवाह वर्ष 2011 में गदनपुरा, खतौली निवासी तथा वर्तमान में उत्तरी सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाले अरक्षित के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।शिकायत के अनुसार 14 जुलाई की रात रितू हरिद्वार से अपनी सास के साथ घर लौटी थी। आरोप है कि घर पहुंचने पर उसका पति शराब के नशे में था और उसने अन्य परिजनों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। उस समय आसपास के लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।पीड़िता के पिता का आरोप है कि अगले दिन सुबह पति, सास, ससुर और ननद ने मिलकर रितू के साथ फिर मारपीट की, उसका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया और उसे छत से नीचे धक्का दे दिया। आरोप यह भी है कि गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे मृत समझकर घर के बाहर सड़क पर छोड़ दिया गया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर पति अरक्षित, ससुर भूपण सिंह, सास अमरेश तथा ननद स्वीटी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक लोमेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group