मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के पीएल शर्मा रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर की संचालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती को उसका साझेदार अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने साझेदार पर हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, सराय बहलीम निवासी पूजा ने करीब डेढ़ साल पहले किनानगर निवासी कपिल कुमार के साथ मिलकर डिजिटल मार्केटिंग का कोचिंग सेंटर शुरू किया था। कुछ समय से सेंटर बंद था, जिसे चार दिन पहले फिर से शुरू किया गया था।गुरुवार शाम पूजा कोचिंग सेंटर गई थी। देर शाम कपिल कुमार ने उसके परिवार को फोन कर बताया कि पूजा की अचानक तबीयत खराब हो गई है और वह उसे निजी अस्पताल लेकर जा रहा है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया।परिजनों का आरोप है कि पूजा और कपिल के बीच काफी समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि इसी विवाद के कारण कपिल ने पूजा की हत्या की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी आरोपी ने पूजा को जान से मारने की धमकी दी थी।सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम कोचिंग सेंटर पहुंची और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी कपिल कुमार से पूछताछ की जा रही है।सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।