मुजफ्फरनगर। चित्रकूट में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने दो रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अंगद और यश को शुक्रवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।जिला खेल कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 से 13 जुलाई तक चित्रकूट में आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के मुक्केबाजों ने प्रभारी क्रीड़ाधिकारी एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय कोच (अंडर-19 भारतीय बॉक्सिंग टीम) भूपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के 63 से 66 किलोग्राम भार वर्ग में अंगद ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि 50 से 52 किलोग्राम भार वर्ग में यश ने दूसरा रजत पदक जीतकर जिले को सम्मान दिलाया।पदक विजेताओं के सम्मान में जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने दोनों खिलाड़ियों को खेल किट भेंट की, पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा अपने हाथों से मिठाई खिलाकर राष्ट्रीय स्तर की आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से इसी लगन और अनुशासन के साथ अभ्यास जारी रखने का आह्वान किया।इस अवसर पर अंगद के पिता धर्मेंद्र कुमार तथा गुरुकुल के आचार्य सुरेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह, बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार तथा जिला खेल कार्यालय के प्रशिक्षकों ने भी बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।खेल विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले की भागीदारी और उपलब्धियां बढ़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group