मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच लग्जरी गाड़ियां, अवैध हथियार, फर्जी नंबर प्लेटें तथा वाहन चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों के रास्ते म्यांमार तक फैला हुआ था।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर रेंज तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में बुढ़ाना पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वाहन चोर गिरोह के सदस्य विज्ञाना मार्ग स्थित एक खंडहर में चोरी के वाहनों के साथ मौजूद हैं। पुलिस टीम के पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में राजू सिंह उर्फ नेपाली उर्फ योगेश उर्फ खड़क निवासी हरिद्वार घायल हो गया, जबकि अनिल, आसिफ कमाल उर्फ दादा और मोहित कौशिक को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर से महंगी गाड़ियां चोरी कर उनके इंजन और चेसिस नंबर बदल देते थे। इसके बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहनों को पश्चिम बंगाल, बिहार, असम और मणिपुर भेजा जाता था। वहां से इन्हें म्यांमार में ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था और बिक्री की रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिंद्रा थार, स्कॉर्पियो, दो ब्रेजा, एक ऑल्टो कार, दो तमंचे, कारतूस, कई फर्जी नंबर प्लेटें तथा वाहन चोरी में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य औजार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विभिन्न राज्यों में वाहन चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में पहले से वांछित रहे हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कार्रवाई करने वाली बुढ़ाना पुलिस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।