मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने शुक्रवार को सदर ब्लॉक और नगर क्षेत्र के कई परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, छात्र उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता तथा आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि कुछ विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की वर्दी तथा रंगाई-पुताई को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बीबीपुर में निरीक्षण के समय एक सहायक अध्यापक आकस्मिक अवकाश पर मिले, जबकि अन्य समस्त शिक्षक उपस्थित पाए गए। विद्यालय में 138 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 119 उपस्थित थे। बच्चों के लिए पेयजल, शौचालय तथा मध्याह्न भोजन की व्यवस्था संतोषजनक मिली। कक्षा छह के विद्यार्थियों से अंग्रेजी का पाठ पढ़वाया गया तथा कक्षा आठ के विद्यार्थियों से गणित संबंधी प्रश्न पूछे गए, जिनका उन्होंने संतोषजनक उत्तर दिया। विद्यालय में स्मार्ट कक्षा, इको क्लब और शिक्षण सामग्री की उपलब्धता भी संतोषजनक पाई गई।सदर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सिलाजुड़ी में सभी शिक्षक उपस्थित मिले। यहां 97 नामांकित विद्यार्थियों में से 81 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। विद्यालय की आधारभूत सुविधाएं ठीक मिलीं, लेकिन बच्चों के आंशिक रूप से वर्दी में आने और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय की रंगाई-पुताई का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।उच्च प्राथमिक विद्यालय सिलाजुड़ी के निरीक्षण में दो शिक्षिकाएं चिकित्सा अवकाश पर मिलीं, जबकि अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय में 30 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 19 उपस्थित थे। यहां भी पेयजल, शौचालय और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था संतोषजनक मिली। हालांकि विद्यार्थियों के नियमित रूप से वर्दी पहनकर विद्यालय आने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया कि शासन की सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शैक्षिक स्तर में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group