गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के मकनपुर में एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दीवार का मलबा नीचे गली में आ गिरा, जिसकी चपेट में स्कूल से घर लौट रहे तीन स्कूली बच्चे आ गए। तीनों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बच्चे विद्यालय से लौट रहे थे। अचानक निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल की दीवार भरभराकर नीचे गिर गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।घायलों की पहचान 11 वर्षीय हृदेश, 14 वर्षीय किशन पाल और 13 वर्षीय मोनू के रूप में हुई है। तीनों न्याय खंड क्षेत्र के निवासी हैं और कंपोजिट विद्यालय के छात्र बताए गए हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सहायक पुलिस आयुक्त सूर्य बली मौर्य ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी विस्तृत जांच कराई जा रही है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन निर्माण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर न तो उचित बैरिकेडिंग की गई थी और न ही राहगीरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय किए गए थे। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।