मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के निर्देश पर मनाए जा रहे भूजल सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को जिले के विभिन्न विकास खंडों में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण की शपथ दिलाकर भूजल बचाने और जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।सहायक अभियंता, लघु सिंचाई उपखंड ने बताया कि मुख्य सचिव, नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति अनुभाग-3, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 16 से 22 जुलाई तक पूरे प्रदेश में सात दिवसीय ‘भूजल सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए तिथिवार कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों में आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों ने भूजल स्तर में हो रही गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पानी के अनावश्यक दोहन पर रोक लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण की शपथ लेते हुए दैनिक जीवन में पानी का सदुपयोग करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि भूजल सप्ताह के दौरान जनपद में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां लगातार आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जल संरक्षण अभियान से जोड़ा जा सके और भूजल संवर्धन के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का भाव विकसित हो।