मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने नगर के प्रमुख कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बजहेड़ी फाटक से शिव चौक होते हुए अटल चौक (मेरठ रोड) तक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर), नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राज्यमंत्री को कांवड़ यात्रा की तैयारियों और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बजहेड़ी फाटक क्षेत्र में जलभराव की समस्या पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने साफ-सफाई, निर्बाध पेयजल एवं बिजली आपूर्ति, चिकित्सा सेवाओं और सुरक्षा प्रबंधों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि जनपद से गुजरने वाले शिवभक्तों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।