मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करने के साथ आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की जानकारी ली और स्वास्थ्य कर्मियों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान के प्रति जागरूक कर इसका लाभ दिलाया जाए।कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डॉ. तेवतिया ने स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गए आरक्षित कांवड़ वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड में उपलब्ध दवाओं, चिकित्सा उपकरणों, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात और कांवड़ यात्रा के दौरान मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा जताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि आम मरीजों और कांवड़ यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।