मुजफ्फरनगर, 19 जुलाई 26। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने रविवार को जिले के कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहाना, कुटेसरा, बिरालसी, बलवा खेड़ी और दूधली का दौरा किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और कहा कि प्रत्येक केंद्र पर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।दौरे के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दूधली परिसर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण बेहतर स्वास्थ्य की नींव है, इसलिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी की जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।