मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के सराय गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक द्वारा अपने सौतेले पिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह सौतेले पिता पवन और युवक अजय के बीच रुपये को लेकर कहासुनी हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विवाद शराब पीने के लिए तीन हजार रुपये मांगने को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक ने कथित रूप से अपने सौतेले पिता के साथ मारपीट कर दी।घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक अपने सौतेले पिता के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोग घटना के समय मौके पर खड़े नजर आए, जबकि कुछ लोग वीडियो बनाते रहे।वीडियो सामने आने के बाद मंसूरपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी विपिन त्यागी ने बताया कि वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी युवक की पहचान कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group