मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स के छात्र अरहम जैन ने मेरठ कैंट स्थित गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में आयोजित “चक्रव्यूह–द अल्टीमेट चेस बैटल” शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-11 वर्ग का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में 58 प्रतिभागियों के बीच अरहम ने अपनी रणनीतिक सोच और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता के दौरान अरहम जैन ने प्रत्येक मुकाबले में संयम, एकाग्रता और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ा। कड़े मुकाबलों के बीच लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने विजेता बनने का गौरव हासिल किया और विद्यालय का नाम रोशन किया।छात्र की इस उपलब्धि पर नचिकेता स्कूल्स में प्रसन्नता का माहौल है। विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती जसबीर कौर ने अरहम जैन को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विद्यालय के लिए गौरव का विषय होती हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को भी मजबूत बनाती हैं।विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने अरहम जैन को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि अरहम भविष्य में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group