मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे की लोधी कॉलोनी में पुरानी रंजिश के चलते एक युवती पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।लोधी कॉलोनी निवासी शालू मंगलवार रात भोजन के बाद अपने घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सचिन उर्फ देवा अपने साथी शुभम के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि दोनों ने युवती के साथ अभद्रता शुरू कर दी। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर सचिन ने अपने पास रखा चाकू निकालकर उस पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। लोगों को आता देख दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को उपचार के लिए खतौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार जारी है।घायल युवती ने पुलिस को बताया कि उसका आरोपी सचिन उर्फ देवा से पहले से विवाद चला आ रहा है। इस संबंध में उसने पूर्व में भी कई बार खतौली कोतवाली में शिकायत की थी, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं हो सका। युवती का आरोप है कि मंगलवार रात आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश बघेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group