मुजफ्फरनगर, 24 जुलाई 26। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन ने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा जारी रखने वाली एक मेधावी छात्रा को प्रोत्साहन प्रदान किया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने छात्रा रुचि गोयल को साइकिल, पाठ्य पुस्तकें, बैग तथा अन्य शैक्षिक सामग्री भेंट कर उसकी पढ़ाई को निरंतर जारी रखने के लिए उत्साहित किया।रुचि गोयल, स्वर्गीय मनोज गोयल की पुत्री हैं और वर्तमान में डीएवी पीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। परिवार पर लगातार आए दुखों के बावजूद उन्होंने अपनी शिक्षा नहीं छोड़ी। वर्ष 2023 में पिता और वर्ष 2024 में माता के आकस्मिक निधन के बाद भी उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी। छात्रा के इसी संघर्ष और शिक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए महिला कल्याण विभाग ने उन्हें सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी ने छात्रा को कॉलेज आने-जाने की सुविधा के लिए एक साइकिल, बीएससी द्वितीय वर्ष की आवश्यक पाठ्य पुस्तकें, एक बैग तथा स्टेशनरी सामग्री प्रदान की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को संसाधनों के अभाव में अपनी पढ़ाई बीच में नहीं छोड़नी चाहिए और जिला प्रशासन ऐसे विद्यार्थियों के सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना का उद्देश्य केवल बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें हर स्तर पर आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना भी है। विभाग लगातार ऐसी बालिकाओं की पहचान कर रहा है जो आर्थिक या पारिवारिक कठिनाइयों के बावजूद शिक्षा प्राप्त करने का प्रयास कर रही हैं।अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि संसाधनों की कमी किसी भी बेटी की शिक्षा में बाधा न बने। इसी उद्देश्य से पात्र बालिकाओं को समय-समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने शैक्षिक और भविष्य के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।