मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे “माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़ा” के अंतर्गत शनिवार को रुड़की रोड स्थित कंबल कारखाना परिसर में माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माटीकला बोर्ड की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा मिट्टी शिल्प से जुड़े उद्यमियों और कारीगरों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल सिंह निर्वाल ने की, जबकि नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मुख्य अतिथि रहीं। वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर खटीक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया और विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, निःशुल्क टूलकिट वितरण योजना, कौशल विकास योजना, विपणन विकास सहायता योजना, माइक्रो माटीकला कॉमन फैसिलिटी सेंटर, माटीकला पुरस्कार योजना तथा पंजीकरण एवं आंकड़ा संग्रहण योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य माटी शिल्पियों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मिट्टी के शिल्पकार प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने उद्यमियों से विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपने व्यवसाय का विस्तार करने का आह्वान किया। अध्यक्षता कर रहे डॉ. वीरपाल सिंह निर्वाल ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और माटीकला बोर्ड इसी दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। विशिष्ट अतिथि सुधीर खटीक ने भी माटी शिल्पियों से सरकारी योजनाओं से जुड़कर स्वरोजगार को मजबूत बनाने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिल्पकारों एवं लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी, डूडा के प्रतिनिधि तथा ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group