शामली। कैराना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, 14 तमंचे, तीन जिंदा कारतूस तथा चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का दावा है कि आरोपी मध्य प्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया कि थाना कैराना पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सघन जांच अभियान के दौरान चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में उनकी तस्करी करते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ, सोभित, उस्मान उर्फ गोलू तथा किशोर के रूप में हुई है। चारों आरोपी कैराना थाना क्षेत्र के ग्राम बराला के निवासी बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।बरामद मोटरसाइकिल चोरी की निकली है। इस संबंध में थाना कैराना में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों की जांच कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनका उपयोग किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं।पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group