मुजफ्फरनगर। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग की ओर से नुमाइश ग्राउंड स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राजीव चौहान तथा जनपद के पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।कार्यक्रम के दौरान कर्नल राजीव चौहान ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश की सेना के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्वितीय वीरता का परिचय देकर देश की सीमाओं की रक्षा की, जिसका इतिहास सदैव स्मरण रखेगा।उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह शहीदों के बलिदान को याद रखते हुए राष्ट्रहित को सर्वोच्च स्थान दे और नई पीढ़ी को भी देशभक्ति, अनुशासन और सेवा की भावना से प्रेरित करे। उन्होंने पूर्व सैनिकों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और राष्ट्रसेवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने भी कारगिल युद्ध के अमर वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर सभी ने शहीदों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र सेवा की भावना को सदैव बनाए रखने का संकल्प लिया।