मुजफ्फरनगर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए यातायात पुलिस को आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन मिला है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद पुलिस लाइन में वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।एसएसपी ने बताया कि यह वाहन अत्याधुनिक तकनीक और उपकरणों से लैस है। इसमें लगे रडार की मदद से लगभग एक किलोमीटर की दूरी से वाहनों की गति मापी जा सकेगी। इससे तेज रफ्तार, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।वाहन में ब्रेथ एनालाइजर भी लगाया गया है, जिससे यह जांच की जा सकेगी कि चालक ने शराब का सेवन किया है या नहीं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी।एसएसपी ने कहा कि इस इंटरसेप्टर वाहन के उपयोग से तेज गति, नशे में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। उन्होंने यातायात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को वाहन का उपयोग पूरी निष्ठा, दक्षता और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश भी दिए।