मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना सीता शरण स्कूल के सामने स्थित रेलवे ट्रैक पर हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।पुलिस के अनुसार गुरुवार करीब 12 बजे सूचना मिली कि सीता शरण स्कूल के सामने रेलवे ट्रैक पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही खतौली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु होना पाया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।प्रारंभिक जांच में मृतक की आयु लगभग 23 वर्ष आंकी गई है। हालांकि उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल अथवा अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए, जिससे उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान स्थापित करने के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है। इसके अलावा अन्य उपलब्ध माध्यमों से भी उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि परिजनों को घटना की जानकारी दी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group