मुजफ्फरनगर। श्रावण मास के शुभारंभ पर नचिकेता स्कूल्स में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान शिव की आराधना पर आधारित भजन, समूह नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से ओतप्रोत रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव के स्मरण के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने शिव स्तुति, भजन और मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। श्रावण मास के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों को बताया गया कि यह मास शिव आराधना के साथ-साथ संयम, सदाचार और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश देता है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान और आस्था का परिचय दिया।इस अवसर पर विद्यालय की उप प्रधानाचार्या श्रीमती जसबीर कौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाना प्रत्येक विद्यार्थी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में संस्कारों का विकास होता है और वे अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहते हैं।उप प्रधानाचार्या (प्रशासन) विक्की जैन ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में समय-समय पर आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है, रचनात्मक क्षमता विकसित होती है तथा अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है।कार्यक्रम का समापन सभी के सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने श्रावण मास के पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए समाज में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और पारंपरिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।