गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को दबोचते हुए उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया। जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल में हत्या के बाद मृतका की खींची गई तस्वीर भी मिली है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को पूजा कॉलोनी स्थित किराये के मकान में रह रही सुशीला देवी की हत्या की सूचना मिलने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की गई और सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने 31 जुलाई को आरोपी पवन कुमार पुत्र नंद किशोर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के शाह मोहम्मदपुर गांव का निवासी है और वर्तमान में ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में किराये पर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ दिन पहले सुशीला देवी के साथ पूजा कॉलोनी में किराये का मकान लेकर रहने लगा था। उसकी बेटी बिहार में उसकी बहन के पास रहती है। आरोपी चाहता था कि बेटी उसके साथ रहे, जबकि सुशीला इसके लिए सहमत नहीं थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की रात दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान पवन कुमार ने ईंट से सुशीला के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसने अपने मोबाइल से मृतका की तस्वीर ली, कमरे को बाहर से बंद किया और मौके से फरार हो गया।ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है