मुजफ्फरनगर। शहर के महावीर चौक पर 21 जुलाई को समाजवादी पार्टी के धरने के दौरान हुए विवाद के मामले में दर्ज मुकदमों को लेकर शुक्रवार को नया घटनाक्रम सामने आया। समाजवादी पार्टी की नेता डॉ. मोनिका सिंह हुसैन ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में एकतरफा कार्रवाई की गई है तथा उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।डॉ. मोनिका सिंह ने कहा कि घटना के बाद उन्होंने भी अपनी शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि राजनीतिक दबाव में केवल एक पक्ष के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि दूसरे पक्ष के लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह अपना आंदोलन और तेज करेंगी। उनका कहना था कि उनका उद्देश्य किसी को निशाना बनाना नहीं, बल्कि पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच और न्याय प्राप्त करना है।उन्होंने एक व्यक्ति पर सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें और उनके सहयोगियों को बदनाम करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि इस संबंध में शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की भी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।डॉ. मोनिका सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पहले गिरफ्तार किए जा चुके एक आरोपी की ओर से उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भी पुलिस को जानकारी दी गई है और सुरक्षा की मांग की गई है।उधर, दूसरे पक्ष के अधिवक्ता विकास राणा ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिविल लाइन थाने में कुलदीप सिंह सहित 11 लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस विधिक प्रक्रिया के अनुसार जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महावीर चौक विवाद से संबंधित सभी मुकदमों की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।