मुजफ्फरनगर, 1 अगस्त 26। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के तहत शनिवार को तहसील बुढ़ाना में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह तथा क्षेत्राधिकारी महेंद्र यादव ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत की मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच की जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण पारदर्शिता के साथ किया जाए।क्षेत्राधिकारी महेंद्र यादव ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से महिला अपराध से संबंधित शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराध और साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी से साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन लेनदेन की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई।अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को समय पर न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा भी की जाए। समाधान दिवस के दौरान तहसीलदार बुढ़ाना महेंद्र यादव सहित पुलिस और प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।