मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन अगस्त से दस अगस्त 2026 तक सभी सरकारी और गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी पूर्व प्राथमिक, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक तथा मान्यता प्राप्त विद्यालय इस अवधि में बंद रहेंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाणपत्र बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों पर भी यह आदेश समान रूप से लागू रहेगा।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवकाश केवल विद्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनपद के सभी डिग्री कॉलेज, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) तथा तकनीकी शिक्षण संस्थान भी तीन अगस्त से दस अगस्त तक बंद रहेंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा कानून-व्यवस्था सुचारु बनी रहे।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि यह आदेश जिलाधिकारी द्वारा एक अगस्त 2026 को जारी निर्देशों के अनुपालन में लागू किया गया है। उन्होंने सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि निर्धारित अवधि के दौरान अवकाश का पूर्णतः पालन कराया जाए और किसी भी स्तर पर आदेश की अवहेलना न होने पाए।प्रशासन ने संबंधित शिक्षण संस्थानों से अपेक्षा की है कि वे अवकाश की सूचना समय रहते विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों तक पहुंचाएं, जिससे किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। कांवड़ यात्रा के समापन के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षण संस्थानों में पुनः शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group