मुजफ्फरनगर पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर अफीम की तस्करी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। बुढ़ाना थाना पुलिस ने मेरठ-कर्णाल राजमार्ग पर कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से सात किलोग्राम अफीम बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के जींद जनपद के थाना नरवाना क्षेत्र स्थित ग्राम राजगढ़ डोबी निवासी धर्मपाल सिंह उर्फ पालू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अफीम की तस्करी में सक्रिय था और विभिन्न राज्यों में इसका नेटवर्क संचालित कर रहा था।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिहार और झारखंड से कम कीमत पर अफीम खरीदकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में ऊंचे दामों पर बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि मेरठ-कर्णाल राजमार्ग स्थित एक होटल के आसपास ट्रक चालकों को अफीम की आपूर्ति करता था। पुलिस के अनुसार घटना के दिन भी वह एक ग्राहक को अफीम देने के लिए पहुंचा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके विरुद्ध हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, चोरी, लूट, डकैती तथा एनडीपीएस अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में करीब 19 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2011 में दर्ज एक डकैती के मामले में उसे सजा भी हो चुकी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन सवेरा” के अंतर्गत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विश्वसनीय सूचना मिलने पर बुढ़ाना थाना पुलिस ने मेरठ-कर्णाल राजमार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर थाना बुढ़ाना में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क, उसके संपर्कों और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस सफल कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बुढ़ाना थाना पुलिस की टीम को 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group