मुजफ्फरनगर में किसानों के ट्रांसफार्मरों और नलकूपों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन किसान प्रहरी के तहत शनिवार सुबह फुगाना थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य आरोपी खेतों का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में असलम उर्फ टीना निवासी मलखपुर, थाना लक्सर (जनपद हरिद्वार) के पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से मोहब्बत निवासी मल्ली, शौक उर्फ सरफराज तथा उस्मान निवासी मलखपुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि सद्दाम, शहजाद और फुरकान नाम के तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ट्रांसफार्मरों से चोरी की गई तांबे की छह कुंडलियां, चांदी की दो कुंडलियां, तीन नलकूप कटआउट, करीब आठ फुट केबल तथा तार काटने और चोरी में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न औजार बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह पिछले काफी समय से फुगाना और आसपास के क्षेत्रों में किसानों के ट्रांसफार्मरों तथा नलकूपों को निशाना बना रहा था।पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात पुलिस के समक्ष कही है। पुलिस के अनुसार, चोरी का सामान मोहब्बत के माध्यम से शफीक नामक व्यक्ति को बेचा जाता था। शफीक की तलाश भी की जा रही है।पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी असलम उर्फ टीना के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों पर भी पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के नेतृत्व में फुगाना थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने अभियान को अंजाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।