मेरठ पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोहियानगर थाना क्षेत्र से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, छह मैगजीन और छह तमंचे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और अवैध शस्त्र तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी कोतवाली तथा थाना लोहियानगर पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर फतेहउल्लापुर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से तीन अवैध .32 बोर पिस्टल, छह .32 बोर मैगजीन तथा छह .315 बोर तमंचे बरामद हुए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की बड़ी मस्जिद के पास रहने वाले जर्रार, रिहान और शादाब के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों की उम्र करीब 18 वर्ष है और प्रारंभिक जांच में उनके काफी समय से अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लिसाड़ी क्षेत्र निवासी हाजी कय्यूम से अवैध हथियार खरीदते थे। इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क स्थापित कर उन्हें अधिक कीमत पर बेचते थे। इस खुलासे के बाद पुलिस हथियार उपलब्ध कराने वाले कथित सप्लायर और उससे जुड़े पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में मिले साक्ष्यों और आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अब तक इस गिरोह ने कितने लोगों को अवैध हथियार उपलब्ध कराए और इनका इस्तेमाल किन आपराधिक घटनाओं में हुआ।