मुजफ्फरनगर में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से भोकरहेड़ी निवासी 38 वर्षीय सुमन की मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को राहगीरों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। घटना के बाद नई मंडी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार सुमन भोपा बस स्टैंड के निकट कढ़ी-चावल का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह अपने काम पर जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।घटनास्थल से गुजर रहे लोगों ने बिना देर किए घायल महिला को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।बताया गया कि करीब छह वर्ष पहले सुमन के पति सुभाष का निधन हो चुका था। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर आ गई थी। उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर अपने दोनों बेटों का पालन-पोषण किया। उनके निधन से 19 वर्षीय पुत्र वासु और 12 वर्षीय पुत्र सुधांशु के सिर से मां का साया उठ गया है। बड़ा बेटा हरिद्वार की एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है।