मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव रियावली नंगला में 28/29 जुलाई की रात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए दो भैंस चोरी कर लीं। सुबह पशु गायब मिलने पर दोनों परिवारों ने आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। करीब 12 दिन बाद एक पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी रहीस पुत्र जुल्फकार ने बताया कि घटना वाली रात परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर से भैंस खोलकर ले गए। सुबह उठने पर भैंस नहीं मिली तो परिवार ने आसपास तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।
इसी रात गांव के ही मुस्तकीम पुत्र इकबाल के घर से भी एक भैंस चोरी होने की बात सामने आई। दोनों परिवारों ने अपने स्तर से पशुओं की तलाश की। पड़ोसी गांवों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी ली गई, लेकिन चोरी गई भैंसों का कोई पता नहीं चला।
लगातार कई दिनों तक तलाश करने के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर रहीस ने 10 अगस्त को रतनपुरी थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। तहरीर में उसने बताया कि अज्ञात चोर रात के समय घर से भैंस चोरी कर ले गए हैं और काफी तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चला।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब चोरी गई भैंसों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन कर रही है। पीड़ित ने पुलिस से भैंसों की बरामदगी और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group