मुजफ्फरनगर, 12 अगस्त 26। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बुधवार को मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के कुकड़ा, केशव, नई मंडी और हनुमत मंडल में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं मुजफ्फरनगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने विभिन्न यात्राओं में शामिल होकर नागरिकों और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। यात्राओं में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भाग लिया।यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के उद्घोष किए गए। युवाओं के साथ महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की। यात्रा मार्ग पर लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह नजर आया।इस अवसर पर कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक भारतीय के सम्मान, त्याग और राष्ट्रभक्ति से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को तिरंगे का सम्मान बनाए रखने के साथ राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य देशवासियों को राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए प्रत्येक नागरिक को देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।कुकड़ा, केशव, नई मंडी और हनुमत मंडल में आयोजित कार्यक्रमों में मंत्री ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों को तिरंगा अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना प्रत्येक घर तक पहुंचनी चाहिए।कार्यक्रम के आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, संयोजक श्रीमोहन तायल, पूर्व विधायक अशोक कंसल समेत पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। इस दौरान विकास पंवार, विशाल गर्ग, सुनील दर्शन, शरद शर्मा, संजय गर्ग सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group