मुजफ्फरनगर। कोतवाली जानसठ क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि दर्जी ने किशोरी को अपनी दुकान में बंद कर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर किशोरी को बरामद किया और आरोपी दर्जी समेत उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार किशोरी दर्जी की दुकान पर अपनी पुरानी पोशाक ठीक कराने के लिए गई थी। आरोप है कि दर्जी फिरोज ने पहले किशोरी को पैसों का लालच देकर बहलाने-फुसलाने की कोशिश की। इसी दौरान उसका साथी अदनान वहां पहुंचा और साजिश के तहत बाहर से दुकान का शटर गिराकर ताला लगा दिया। इसके बाद आरोपी मौके से चले गए।किशोरी के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों से जानकारी मिलने के बाद किशोरी के पिता दर्जी की दुकान पर पहुंचे। दुकान बाहर से बंद मिलने पर उन्हें स्थिति संदिग्ध लगी और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान का ताला तुड़वाकर शटर खोला और अंदर प्रवेश किया। पुलिस के अनुसार दुकान के भीतर आरोपी और किशोरी मौजूद मिले। पुलिस टीम ने किशोरी को बरामद करने के साथ आरोपी फिरोज को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी अदनान को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर फिरोज और अदनान के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता को चिकित्सकीय जांच एवं मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।