मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर केशवपुरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के छात्रों ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। विद्यालय के छात्र आचार्य दीदी के साथ जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचे और छोटे बच्चों को राखी बांधकर पर्व की खुशियां साझा कीं।


छात्रों ने बच्चों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन के पर्व का महत्व बताया। अचानक राखी और अपनत्व पाकर छोटे बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। छात्रों ने उनके साथ बातचीत कर कुछ समय बिताया और भाई-बहन के स्नेह एवं आपसी सहयोग का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की ओर से कहा गया कि पर्व केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ खुशियां बांटना भी हमारी जिम्मेदारी है। बच्चों को छोटी उम्र से ही सेवा, सहयोग और सामाजिक संवेदनशीलता की भावना से जोड़ना जरूरी है।
छात्रों ने भी इस अनुभव को यादगार बताते हुए कहा कि बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाकर उन्हें आत्मीय खुशी मिली। जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने सभी का मन जीत लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश दिया। इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group