मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के अवसर पर श्री गिरधारी लाल जैन मेमोरियल पब्लिक स्कूल एवं द लर्निंग ट्री प्ले स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रेम, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। विद्यार्थी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के साथ कार्यालय कर्मचारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।विद्यालय की ओर से शुभि, फरिया सुहैल, वान्या त्यागी, परी मलिक, श्रुति शर्मा और अनुष्का ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा को रुद्राक्ष से निर्मित राखी बांधी। इसके बाद बच्चों ने अधिकारियों को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए शुभकामना कार्ड, रक्षाबंधन संदेशों वाले स्क्रोलर और सुंदर लिखावट के नमूने भी भेंट किए।बच्चों ने दोनों कार्यालयों के स्टाफ सदस्यों को भी राखी बांधी और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। विद्यार्थियों के इस आत्मीय प्रयास की अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहना की तथा उन्हें स्नेह और आशीर्वाद दिया।इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ की ओर से नीतू सिंगल और विनीत शर्मा मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रेम, सम्मान, कृतज्ञता, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के माध्यम से समाज की सुरक्षा और व्यवस्था में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए कार्ड और संदेशों ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। विद्यार्थियों की इस पहल में रक्षाबंधन के प्रेम, विश्वास, सम्मान और भाईचारे के संदेश की झलक दिखाई दी।