कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिपाही ने कार्यालय की छत से अचानक छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घायल सिपाही की पहचान अंकित देशवाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह गुरुवार सुबह अधिकारियों से मुलाकात करने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा था। कुछ देर बाद वह कार्यालय की छत पर चला गया और वहां से नीचे छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय में मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। सिपाही को गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है।बताया गया कि अंकित देशवाल की हाल में पुलिस लाइन में तैनाती की गई थी। हालांकि उसने छत से छलांग लगाने जैसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना से पहले वह किन परिस्थितियों में था और अधिकारियों से उसकी क्या बातचीत हुई, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है।,पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डे ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। सिपाही के इस कदम के पीछे वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल पुलिस और अधिकारी घायल सिपाही के उपचार पर नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद पुलिस कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और पूरे घटनाक्रम को लेकर भी अधिकारियों ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group