मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ रक्षाबंधन से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया।विद्यालय में बच्चों के लिए राखी निर्माण, कार्ड मेकिंग और रंगोली सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

विद्यार्थियों ने आकर्षक राखियां और शुभकामना कार्ड तैयार किए। बच्चों ने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से रक्षाबंधन के महत्व को प्रस्तुत किया।विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई राखियों को विशेष रूप से डाक के माध्यम से उनके घर भी भेजा गया, ताकि बच्चे अपने परिवार के भाई-बहनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व खुशी और उत्साह के साथ मना सकें।विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या जसबीर कौर और उप-प्रधानाचार्या (एडमिनिस्ट्रेशन) विक्की जैन ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान का पर्व है। बच्चों को रिश्तों की गरिमा बनाए रखने और एक-दूसरे का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ने के साथ उनमें रचनात्मकता और पारिवारिक मूल्यों की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।