मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के बेलड़ा गांव में मेले के दौरान हुए विवाद के बाद गंगनहर में लापता हुए 20 वर्षीय वंश कश्यप का शव बुधवार शाम बरामद हो गया। पुलिस और गोताखोरों की टीम ने दो दिन तक नहर में तलाश अभियान चलाया। शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया गया कि सोमवार रात वंश अपने साथियों अर्जुन, विपुल और शेखर के साथ बेलड़ा मेले में गया था। तौल कांटे के पास अर्जुन का एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर चारों युवकों के पीछे दौड़ पड़े। बचने के लिए वंश, अर्जुन और शेखर गंगनहर में कूद गए, जबकि विपुल झाड़ियों में छिप गया।अर्जुन और शेखर नहर से बाहर निकल आए, जबकि वंश का कोई पता नहीं चला। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। बुधवार शाम भोपा के पास नहर से उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने पहचान कराने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।वंश के जीजा जॉनी निवासी महमूदपुर माजरा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में रिजवान, अफजाल, साहिल उर्फ भोलू, सुहैल उर्फ अजूबा और अल्बख्श उर्फ बख्शी शामिल हैं।वंश की मौत से उसकी मां मौसम देवी और बहनों कोमल, प्रीति व वंशिका का रो-रोकर बुरा हाल है। वंश परिवार का अकेला कमाने वाला बताया गया है और वह भोपा स्थित पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group