मुजफ्फरनगर, 2 सितंबर 26। प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों के मानव संसाधन प्रबंधन को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का शुभारंभ किया गया। लखनऊ के लोक भवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का मुजफ्फरनगर में भी सीधा प्रसारण किया गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र स्थित मानेकशॉ सभागार में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने कार्यक्रम देखा।राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि UPCOS के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय और सेवा संबंधी व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। अभी तक विभिन्न कंपनियों के माध्यम से कर्मचारियों को भुगतान किया जाता था। कई मामलों में मानदेय से कटौती की शिकायतें सामने आती थीं। नई व्यवस्था में कर्मचारियों का मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इससे उन्हें उनके श्रम का पूरा भुगतान मिल सकेगा।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के विकास के साथ ही कर्मचारियों और विभिन्न वर्गों के हितों को लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। UPCOS के पोर्टल और वेबसाइट की शुरुआत तथा निगम के लोगो का अनावरण आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। मानदेय में वृद्धि और अन्य सुविधाओं की घोषणाओं से कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के 10 सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा किट वितरित की गईं। इसके साथ ही श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी, मीरापुर विधायक प्रतिनिधि अमरनाथ पाल, ब्लाक प्रमुख सदर अमित चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम केएन पांडे, सहायक श्रमायुक्त देवेश सिंह, नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार तथा खतौली, जानसठ और मीरापुर के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न विभागों के आउटसोर्स कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के अधिशासी अधिकारी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group