मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और बाल लीलाओं पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण, राधा और गोपियों की वेशभूषा धारण कर मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। माखन चोरी, राधा-कृष्ण की लीलाओं और गोकुल के वातावरण को बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।

रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे बच्चों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया।विद्यार्थियों ने कृष्ण भक्ति से जुड़े भजन, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मधुर संगीत और भक्ति गीतों से विद्यालय परिसर का वातावरण कृष्णमय हो गया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और शिक्षाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रेम, सत्य, कर्म, सद्भाव और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्या श्रीमती जसबीर कौर और उप-प्रधानाचार्या (एडमिनिस्ट्रेशन) विक्की जैन ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में भी सहायक होते हैं।जन्माष्टमी समारोह में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा देखने को मिली। कार्यक्रम के समापन तक विद्यालय परिसर भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group