मुजफ्फरनगर। खालापार थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से रिक्शे में टक्कर मार दी। हादसे में रिक्शे में सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं। इनमें एक महिला आठ माह की गर्भवती बताई गई है। टक्कर के बाद रिक्शा पलट गया और तीनों महिलाएं उसके नीचे दब गईं। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।दक्षिणी खालापार निवासी अफशा पुत्री मतलूब अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी बहन लायबा और भाभी तसनीम के साथ रिक्शे में सवार होकर जा रही थी। बताया गया कि तसनीम की उम्र 28 वर्ष है और वह आठ माह की गर्भवती है। तीनों महिलाएं रिक्शे से खालापार क्षेत्र में जा रही थीं। इसी दौरान खालापार टंकी से आगे जोहड़ वाली मस्जिद के पास पीछे से तेज गति से आए वाहन ने रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें सवार तीनों महिलाएं सड़क पर गिरने के बाद रिक्शे के नीचे दब गईं। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह रिक्शा हटाकर महिलाओं को बाहर निकाला। हादसे में तसनीम के जबड़े में गंभीर चोट आई और जबड़ा टूटने की बात सामने आई है। लायबा के पैर और पेट में चोट लगी है, जबकि अफशा के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि लोगों ने वाहन चालक को पकड़ लिया था। पूछताछ में उसकी पहचान आशू उर्फ सोनू पुत्र इरशाद निवासी बसी, शाहपुर के रूप में हुई। आरोप है कि चालक के पास वाहन चलाने का लाइसेंस नहीं था। कुछ देर बाद चालक मौका पाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।हादसे में शामिल वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी होने की बात सामने आई है। वाहन की पहचान के लिए उसका चेसिस नंबर पुलिस को बताया गया है। पुलिस अब वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।अफशा की तहरीर पर खालापार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।