नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना क्षेत्र में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में नामजद आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के अलावा आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जंतर-मंतर पर हुए विवाद के दौरान संजय कुमार के साथ मारपीट की गई थी। मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसी बीच स्वतंत्र भारद्वाज से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि वीडियो में उन्होंने घटना में संजय कुमार के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की है।प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने के साथ ही मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराएं लगाने की मांग की। इसके अलावा अनुसूचित जाति-जनजाति कानून के तहत कार्रवाई और कथित धमकियों की जांच की मांग भी उठाई गई।प्रदर्शन में संजय कुमार और उनकी बेटी निशु आजाद भी शामिल हुईं। निशु आजाद की ओर से सोशल मीडिया पर धमकियां मिलने का आरोप भी लगाया गया। प्रदर्शनकारियों ने इन धमकियों के मामले में अलग से कार्रवाई की मांग की।पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर हुई झड़प में संजय कुमार को चोट लगी थी। हालांकि पुलिस ने गंभीर चोट के दावे से अलग जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। पुलिस की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात भी सामने आई है। मामले को लेकर पुलिस जांच जारी है।