मुजफ्फरनगर। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने शुक्रवार को ककरौली थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने थाना परिसर के विभिन्न कार्यालयों और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसएसपी ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, पुलिस मैस और मालखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों और विभिन्न रिकार्ड के रखरखाव की स्थिति भी देखी। अभिलेखों के रखरखाव में मिली कमियों को लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।उन्होंने थाने में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से मामलों की प्रगति की जानकारी ली। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक मामले का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।कंप्यूटर कक्ष और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शिकायतों और संबंधित डाटा की एंट्री समय से करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति केंद्र पर महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा पीड़िताओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।पुलिस मैस का निरीक्षण करते हुए एसएसपी ने साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध होना चाहिए।कानून-व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को चेताया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान ककरौली थानाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह समेत थाना पुलिस मौजूद रही।