रायबरेली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के अंतिम दिन भुएमऊ गेस्ट हाउस में जनता दरबार आयोजित किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। राहुल गांधी ने लोगों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और संबंधित मामलों को लेकर जानकारी ली।जनता दरबार में स्थानीय लोगों के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और समाजवादी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता भी पहुंचे। लोगों ने सड़क, विकास कार्य, स्थानीय सुविधाओं और अन्य समस्याओं से जुड़े मुद्दे राहुल गांधी के सामने रखे।समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव अखिलेश माही ने कारगिल युद्ध में शहीद रायबरेली के राजेंद्र यादव के सम्मान में स्मारक और चौराहा बनाए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि शहीद के नाम पर जिले में स्मारक या प्रतिमा नहीं है। इस पर राहुल गांधी ने मांग पर आवश्यक पहल का भरोसा दिया।स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने भी राहुल गांधी को ज्ञापन दिया। उन्होंने मुंशीगंज स्थित शहीद स्मारक के अधूरे सौंदर्यीकरण कार्य को पूरा कराने और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों की स्मृतियों को संरक्षित करने की मांग की।जनता दरबार में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने उन्हें राखी बांधी और तिलक किया। वहीं कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष शैलजा सिंह समेत अन्य लोगों ने भी अपनी बातें रखीं। ब्रह्माकुमारी संस्थान की ज्योति बहन ने राहुल गांधी को रक्षा सूत्र और स्मृति चिह्न भेंट किया।इससे पहले सर्राफा कारोबारियों ने भी राहुल गांधी से मुलाकात कर व्यापार से जुड़ी परेशानियां बताई थीं। कारोबारियों ने सोने-चांदी के कारोबार में आई कमी और जीएसटी समेत अन्य मुद्दों को उठाया। राहुल गांधी ने उनकी समस्याओं को संसद में उठाने का आश्वासन दिया।राहुल गांधी के दौरे के अंतिम दिन सांसद निधि से होने वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का कार्यक्रम भी रखा गया। इसके बाद जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group