मुजफ्फरनगर। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को आर्य समाज रोड स्थित डीएवी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस के ऑपरेशन सवेरा अभियान के अंतर्गत किया गया।कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन ने एसएसपी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद एसएसपी ने छात्र-छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से स्वयं दूर रहने के साथ ही दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान के साथ ही इसके सामाजिक प्रभावों की जानकारी दी। एसएसपी ने युवाओं से अपील की कि वे अपने आसपास नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और किसी भी व्यक्ति को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने में अपनी भूमिका निभाएं।कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने छात्र-छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ भी दिलाई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से बताया गया कि ऑपरेशन सवेरा और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रमों के साथ प्रभावी कार्रवाई भी लगातार जारी है।