बागपत। बड़ौत की खत्री गढ़ी में दिनदहाड़े युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। चाय की दुकान चलाने वाले दंपती पर युवक की हथौड़े और चाकू से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय दीपेंद्र निवासी शिकोहपुर के रूप में हुई है। वह इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर काम करता था। बताया गया कि उसकी दुकान के सामने ही राहुल और उसकी पत्नी सोनिया चाय की दुकान चलाते हैं। बुधवार सुबह किसी बात को लेकर दीपेंद्र और दंपती के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर राहुल ने कथित तौर पर हथौड़े से दीपेंद्र पर हमला किया, जबकि सोनिया ने चाकू से वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से दीपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी दंपती वहां से निकलने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आसपास के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हथौड़ा और चाकू भी बरामद किए हैं।पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कथित प्रेम संबंध और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सोनिया और दीपेंद्र के बीच कथित संबंध थे। आरोप है कि दीपेंद्र के पास सोनिया से जुड़े कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो थे और वह इन्हें लेकर उसे परेशान कर रहा था। इसकी जानकारी सोनिया ने अपने पति राहुल को दी थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ा और घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।हालांकि मृतक के परिजनों ने हत्या की वजह अलग बताई है। परिजनों का कहना है कि राहुल और सोनिया ने दीपेंद्र से करीब दो लाख रुपये उधार लिए थे। रकम वापस मांगने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था और इसी विवाद के चलते हत्या की गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group