मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सीएमओ ने लेबर रूम, नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई (एनबीएसयू) और ओपीडी समेत कई चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया। एनबीएसयू में उन्होंने नवजात शिशुओं के उपचार और निगरानी के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। ऑक्सीजन व्यवस्था, वार्मर, दवाओं, आवश्यक उपकरणों और साफ-सफाई की स्थिति भी परखी।उन्होंने स्टाफ से जानकारी ली कि जन्म के बाद जिन नवजात शिशुओं को तत्काल विशेष देखभाल की जरूरत होती है, उन्हें समय पर उपचार और निगरानी मिल रही है या नहीं। सीएमओ ने एनबीएसयू की कार्यप्रणाली को लेकर कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।लेबर रूम के निरीक्षण के दौरान प्रसव सेवाओं, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं को देखा गया। वहीं ओपीडी में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली।सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भानु प्रताप को निर्देश दिए कि अस्पताल की सभी सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित की जाएं। माताओं और नवजात शिशुओं को समय से गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के साथ दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अस्पताल में साफ-सफाई और मरीजों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group