मुजफ्फरनगर। खतौली जावन कांटे के पास ट्रक और छोटे हाथी वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में छोटे हाथी में सवार 13 वर्षीय किशोर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।बताया गया कि अंती गांव निवासी अक्षय (22) और बिलाल (13) छोटे हाथी में सवार होकर जा रहे थे। जावन कांटे के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनके वाहन की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा और छोटे हाथी में सवार दोनों लोग घायल हो गए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।हादसे की जानकारी मिलने पर घायलों के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।